रांची: रांची समाहरणालय स्थित सभागार में शुक्रवार को Goverment e-Marketing (GeM) से संबंधित एकदिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विभिन्न सरकारी कार्यालयों के प्रधान और उनके तकनीकी कर्मी उपस्थित रहे।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार आयोजित इस कार्यशाला में GeM की स्टेट टीम ने पोर्टल के माध्यम से सरकारी विभागों और कार्यालयों के लिए वस्तुओं और सेवाओं की खरीद प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने की विस्तृत जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान स्टेट टीम ने GeM पोर्टल के उपयोग, रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया, उत्पादों और सेवाओं की खरीद, विक्रेताओं की सत्यापन प्रक्रिया और भुगतान प्रणाली पर विस्तार से चर्चा की। इसके साथ ही, कार्यालय प्रमुखों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का समाधान भी स्टेट टीम द्वारा किया गया।
रांची जिला प्रशासन ने कार्यशाला को सफल बताते हुए सभी सरकारी विभागों से GeM पोर्टल के अधिकाधिक उपयोग की अपील की, ताकि सरकारी खरीद की प्रक्रिया को डिजिटल और पारदर्शी बनाया जा सके।
जन शिकायतों के लिए अबुआ साथी हेल्पलाइन
रांची जिला प्रशासन ने नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए अबुआ साथी-9430328080 व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है, जहां लोग अपनी शिकायतें दर्ज करा सकते हैं।