रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के 13वें केंद्रीय महाधिवेशन की तिथि घोषित कर दी गई है। यह दो दिवसीय महाधिवेशन 14 और 15 अप्रैल को खेलगांव स्थित इनडोर स्टेडियम में आयोजित होगा। पार्टी महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडेय ने गुरुवार को झामुमो कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इसकी जानकारी दी।
महाधिवेशन में झारखंड समेत बिहार, बंगाल, ओडिशा, असम और तमिलनाडु के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। इस दौरान पार्टी की केंद्रीय समिति भंग कर दी जाएगी और नई संचालन मंडली एवं अध्यक्ष मंडली का गठन किया जाएगा। महाधिवेशन में झामुमो की आगामी रणनीति तय की जाएगी, जिसमें संगठन के विस्तार और राज्य के राजनीतिक परिदृश्य पर चर्चा होगी।
60 लाख सदस्य बनाने का लक्ष्य
पार्टी का सदस्यता अभियान जारी है, जिसमें 60 लाख नए सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। झामुमो ने 16 जनवरी से राज्यभर में पंचायत से लेकर जिला स्तर तक की सभी कमेटियों को भंग कर दिया था। महाधिवेशन से पहले इनका पुनर्गठन किया जाएगा। 31 मार्च तक सदस्यता अभियान पूरा करने के बाद अप्रैल के पहले सप्ताह से प्रतिनिधियों का रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया जाएगा, ताकि आयोजन की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से पूरा किया जा सके।
चाईबासा से पहुंची सदस्यता अभियान की प्रगति रिपोर्ट
झामुमो केंद्रीय समिति के निर्देश पर पश्चिमी सिंहभूम जिले में सदस्यता अभियान चलाया गया। जिला संयोजक मंडली के नेतृत्व में पंचायत और वार्ड समितियों का गठन किया गया, जिसकी रिपोर्ट केंद्रीय कार्यालय रांची को सौंप दी गई है। समिति को 45 दिनों के भीतर अभियान पूरा करने और नई इकाइयों के गठन की जिम्मेदारी दी गई थी, जिसे तय समय सीमा के अंदर पूरा कर लिया गया है।
महाधिवेशन के बाद सदस्यता अभियान फिर से शुरू किया जाएगा, जिससे पार्टी का संगठनात्मक दायरा और मजबूत हो सके।